शाला प्रवेश उत्सव का 16 जून को होगा गरिमामय आयोजन सभी स्कूलों में व्यापक तैयारियों के निर्देश

0

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 12 जून 2026/छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने आगामी 16 जून को राज्यभर के सभी शासकीय विद्यालयों में “शाला प्रवेश उत्सव 2026” का गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण आयोजन करने के निर्देश जारी किए हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के तहत नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा तथा विद्यालयों में अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाएगा। विभाग द्वारा जारी निर्देशों में विद्यालयों की साफ-सफाई, भवनों की मरम्मत, आकर्षक सजावट, विद्यार्थियों की उपस्थिति सत्यापन तथा प्रवेश योग्य बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालय से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पालकों, स्कूल प्रबंधन समितियों, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा समुदाय के सहयोग से कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप देने के निर्देश दिए गए हैं।

शाला प्रवेश उत्सव के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा, उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की जाएगी। बोर्ड एवं स्थानीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा विद्यालय के सहयोगी पालकों का सम्मान भी किया जाएगा। विकासखंड एवं संकुल स्तर के अधिकारियों को कार्यक्रम की सतत निगरानी एवं मार्गदर्शन की जिम्मेदारी सौंपी है। विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र बालक-बालिका विद्यालय से जुड़े और नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साह, जनसहभागिता और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण के साथ हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed