गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा नगर , 10 दिवसीय गणेश महापर्व का भव्य शुभारंभ सिविल लाइन स्थित गणेश चौक में विराजमान हुए विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश, आकर्षण का केंद्र बनीं श्रीराम, सांवले श्याम, खाटू नरेश और बजरंगबली की भव्य प्रतिमाएं

0

गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा नगर , 10 दिवसीय गणेश महापर्व का भव्य शुभारंभ

सिविल लाइन स्थित गणेश चौक में विराजमान हुए विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश, आकर्षण का केंद्र बनीं श्रीराम, सांवले श्याम, खाटू नरेश और बजरंगबली की भव्य प्रतिमाएं

कटनी।। प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश के जयघोष से नगरी भक्तिमय हो उठी है। शहर में 10 दिवसीय श्री गणेश महापर्व का भव्य शुभारंभ आस्था, उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ हुआ। जगह-जगह गणपति बप्पा की स्थापना के साथ ही सुबह से देर रात तक गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
सिविल लाइन स्थित गणेश चौक में हर वर्ष की भाती इस वर्ष भी भगवान श्री गणेश की विशालकाय एवं आकर्षक प्रतिमा विराजमान की गई है। भव्य स्वरूप में विराजे विघ्नहर्ता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। गणेश चौक की साज-सज्जा और धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

अयोध्या की तर्ज पर श्रीराम दरबार ने मोहा मन
गणेश चौक परिसर में गणपति बप्पा के साथ धार्मिक आस्था से जुड़े अन्य भव्य स्वरूप भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। अयोध्या की तर्ज पर भगवान श्रीराम का भव्य स्वरूप, सांवले श्याम सालोने खाटू नरेश श्री खाटू श्याम जी तथा संकटमोचक बजरंगबली महाराज की प्रतिमाएं भक्तों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं। इन भव्य धार्मिक प्रतिमाओं के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। परिसर में पहुंचते ही भक्तिमय वातावरण और साज-सज्जा लोगों को आध्यात्मिक अनुभूति करा रही है।

10 दिन तक शहर में रहेगी गणपति उत्सव की धूम
श्री गणेश महापर्व के आगामी 10 दिनों में शहर में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला देखने को मिलेगी। पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गणेश चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्सव का उल्लास चरम पर रहेगा। गणेश महापर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, भक्ति, सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति का जीवंत स्वरूप है। यही कारण है कि हर आयु वर्ग के लोग इस महापर्व से जुड़कर भगवान गणेश की आराधना कर रहे हैं।

गणेश महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक आयोजनों के साथ मेले और मनोरंजन की भी विशेष व्यवस्था रहेगी। बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों के लिए विभिन्न आकर्षण उत्सव को और खास बनाएंगे। शाम ढलते ही गणेश चौक और आसपास का क्षेत्र रोशनी से जगमगाएगा और भक्तों की चहल-पहल से उत्सवी माहौल और भी जीवंत होगा।
विघ्नहर्ता के दरबार में उमड़ती आस्था के बीच नगर अगले 10 दिनों तक पूरी तरह गणेशमय नजर आएगा। हर ओर एक ही गूंज सुनाई देगी ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed