त्योहारों से पहले एक्शन ,पटाखा दुकानों और गोदामों का किया औचक निरीक्षण सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करने की दी हिदायत, दुकानदारों को विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण और विक्रय के लिए किया सतर्क

0

त्योहारों से पहले एक्शन ,पटाखा दुकानों और गोदामों का किया औचक निरीक्षण
सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करने की दी हिदायत, दुकानदारों को विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण और विक्रय के लिए किया सतर्क
कटनी/विजयराघवगढ़। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर विजयराघवगढ़ पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। पटाखों के कारोबार में किसी भी तरह की लापरवाही बड़े हादसे का कारण न बने, इसके लिए पुलिस ने पटाखा दुकानों एवं गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संयुक्त टीम ने दुकानदारों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने और विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित रखरखाव एवं विक्रय के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे तथा तहसीलदार मनीष शुक्ला के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने क्षेत्र की अस्थाई पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पटाखा दुकान संचालकों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि विस्फोटक सामग्री का विक्रय शासन की निर्धारित गाइडलाइन एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किया जाए। दुकानों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने तथा पटाखों के सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त टीम ने दुकानदारों को यह भी हिदायत दी कि दुकानों के आसपास किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए सतर्कता बरतें और असामाजिक तत्वों को दुकान परिसर से दूर रखें। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ और पटाखों की खरीदारी बढ़ने के कारण सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई न बरतने की बात कही गई।

हादसों की आशंका को रोकना प्राथमिकता
त्योहार खुशियों और उल्लास का अवसर हैं, ऐसे में पटाखों के कारोबार में सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा किया गया यह आकस्मिक निरीक्षण दुकानदारों को जिम्मेदारी का एहसास कराने के साथ आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित और नियमबद्ध तरीके से पटाखों का कारोबार संचालित करना दुकानदारों की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed