सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर खनिज विभाग की कार्रवाई, अवैध उत्खनन एवं परिवहन में 6 ट्रैक्टर जब्त

0

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 04 नवंबर 2026/सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर खनिज विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त 6 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।

उड़नदस्ता दल ने रूमगा क्षेत्र से रेत से भरे दो ट्रैक्टर जब्त कर सुरक्षार्थ कोटमी चौकी में रखा है। इसी प्रकार सिल्पहरी से रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त कर अमरपुर पुलिस लाइन तथा नेवसा क्षेत्र से मुरुम का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त कर गौरेला थाने में रखा गया है।

खन्ता क्षेत्र में भी रेत के अवैध उत्खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं।

जब्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान और खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित अर्थदण्ड अथवा समझौता राशि संबंधित खनिज मद में जमा कराए जाने के उपरांत नियमानुसार वाहनों को मुक्त किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed