कलेक्टर ने हर्राटोला एवं गोरखपुर में डिजिटल फसल सर्वेक्षण के सत्यापन की ली जानकारी*किसानों से की चर्चा, फसल विवरण में त्रुटि होने पर 10 नवंबर तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने कहा

0

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 04 नवंबर 2026/कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज ग्राम पंचायत हर्राटोला एवं गोरखपुर पहुंचकर एग्रीस्टेक परियोजना के अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026-27 के डिजिटल फसल सर्वेक्षण में दर्ज विवरण के सत्यापन की जानकारी ली।

उन्होंने ग्राम पंचायत कार्यालय परिसर में चस्पा की गई खसरावार किसान सूची एवं फसल विवरण का अवलोकन किया। साथ ही उपस्थित किसानों से चर्चा कर पूछा कि सर्वेक्षण में दर्ज फसल विवरण के संबंध में उन्हें किसी प्रकार की समस्या तो नहीं है। उन्होंने किसानों से कहा कि वे सर्वेक्षण में दर्ज अपनी फसल का विवरण ध्यानपूर्वक जांच लें। किसी प्रकार की त्रुटि अथवा समस्या होने पर 10 नवंबर तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें, जिससे उसका समय रहते परीक्षण एवं निराकरण किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण में दर्ज विवरण के सत्यापन के लिए जिले के प्रत्येक ग्राम में 4 से 6 नवंबर तक विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें दर्ज फसल विवरण का वाचन करने के साथ ही ग्राम पंचायत के सूचना पटल पर सर्वेक्षित किसानों की खसरावार सूची चस्पा की जा रही है।

प्राप्त दावा-आपत्तियों का परीक्षण एवं निराकरण संबंधित तहसील के तहसीलदार द्वारा 10 नवंबर तक किया जाएगा। निर्धारित तिथि के बाद नई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। इस कार्य के लिए ग्रामवार प्रभारी अधिकारी के साथ पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक नियुक्त किए गए हैं।

किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रचार-प्रसार तथा कोटवारों के माध्यम से ग्राम सभा से पूर्व मुनादी कराने की व्यवस्था भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed