अधिवक्ता अविनाश पाठक के मामले में लामबंद हुआ अधिवक्ता संघ, पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

0

 

5 नवंबर को धनपुरी एसडीओपी को सौंपेंगे ज्ञापन, अध्यक्ष ने अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की
शहडोल। अधिवक्ता अविनाश पाठक के साथ 31अक्टूबर को हुई घटना को लेकर अधिवक्ता संघ बुढ़ार ने मोर्चा खोल दिया है। मामले को लेकर संघ की बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई गई है। वहीं, अधिवक्ता अविनाश पाठक एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध दर्ज प्रकरण में खात्मा लगाए जाने की मांग को लेकर संघ ने 5 नवंबर को पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।
अधिवक्ता संघ बुढ़ार, जिला शहडोल द्वारा 4 नवंबर को जारी पत्र क्रमांक 30/2026 के माध्यम से अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, धनपुरी को कार्यक्रम की पूर्व सूचना दी गई है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि 31 अक्टूबर को अधिवक्ता अविनाश पाठक के साथ घटित घटना के संबंध में संघ की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रकरण में दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संघ ने अधिवक्ता अविनाश पाठक एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध दर्ज किए गए प्रकरण में खात्मा लगाए जाने की मांग भी उठाई है। इसी संबंध में 5 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, धनपुरी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
एकजुटता के साथ पहुंचने की अपील
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ने समस्त अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे कल दोपहर 12 बजे पहुंचकर ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता अविनाश पाठक के साथ हुई घटना के मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग को मजबूती से उठाने के लिए अधिवक्ताओं की एकजुटता आवश्यक है। सभी अधिवक्ताओं से निर्धारित समय पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।
अब इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की भूमिका और आगामी कार्रवाई पर निगाहें टिकी हुई हैं। अधिवक्ता संघ की मांगों पर पुलिस अधिकारी क्या कदम उठाते हैं, यह ज्ञापन सौंपे जाने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed