माफिया राज के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा से लेकर अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने तक उठाई मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
माफिया राज के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा से लेकर अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने तक उठाई मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
कटनी। मध्यप्रदेश में बढ़ते माफिया तंत्र, बिगड़ती कानून व्यवस्था और पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए माफियाओं के बढ़ते प्रभाव पर सवाल उठाए और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कानून व्यवस्था में सुधार तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर के अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में शराब, रेत एवं खनिज माफियाओं की गतिविधियां लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब कानून के रखवाले भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। उन्होंने हाल ही में खातौंगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की शराब माफिया द्वारा ट्रक से कुचलकर की गई हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था और पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
एड. शुक्ला ने कहा कि जब अपनी जिम्मेदारी निभा रहे पुलिस अधिकारी ही माफियाओं के हमलों का शिकार हो रहे हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर स्वाभाविक रूप से चिंता बढ़ती है। प्रदेश में अपराधियों के मन में कानून का भय कायम रखना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि माफियाओं के खिलाफ केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई की आवश्यकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की मांग है कि थाना प्रभारी की हत्या के सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रदेश में सक्रिय माफियाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जाए और यह भी जांच हो कि उन्हें किन लोगों का संरक्षण मिल रहा है। पुलिस अधिकारियों के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सौंपे गए ज्ञापन में हत्या के मामले में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई, शराब, रेत एवं खनिज माफियाओं की अवैध गतिविधियों पर अंकुश, माफिया तंत्र को संरक्षण देने वालों की निष्पक्ष जांच तथा पुलिस एवं आम जनता की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। इसके साथ ही कटनी जिले में भी अवैध गतिविधियों और कथित माफिया तंत्र पर नियंत्रण के लिए प्रशासन से ठोस कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति या गिरोह को कानून से ऊपर समझने की छूट नहीं मिलनी चाहिए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि इन मुद्दों पर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए उसका लोकतांत्रिक संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
इस दौरान प्रेम बत्रा, राजा जगवानी, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, श्याम पाहुजा, आफताब अहमद, विजय मंगल चौधरी, अहमद कुरैशी, राहुल होतवानी, नारायण निषाद, राजकुमार विश्वकर्मा, रमेश अहिरवार, कपिल पटेल, अंशु गुप्ता, ऋषभ पटेल, लक्ष्मी यादव, इकलाख अहमद एवं हर्षित मिश्रा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।