महापौर जनसुनवाई में नागरिकों ने रखीं समस्याएं, त्वरित निराकरण के निर्देश
महापौर जनसुनवाई में नागरिकों ने रखीं समस्याएं, त्वरित निराकरण के निर्देश

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता, अतिक्रमण, राजस्व सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष रखीं। महापौर ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समयसीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा कार्रवाई पूर्ण होने के बाद संबंधित आवेदक को भी इसकी जानकारी दी जाए।
अधिकारियों की मौजूदगी से हुआ त्वरित समन्वय
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इससे नागरिकों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक तत्काल पहुंचाने और उनके निराकरण के लिए आवश्यक समन्वय स्थापित करने में सुविधा हुई। कई प्रकरणों में महापौर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर उन्हें बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।