लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में 35.08 लाख के सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन नवरात्रि की पंचमी पर कन्या शिवि के हाथों हुआ भूमिपूजन, महापौर प्रीति सूरी ने मातृशक्ति का किया सम्मान
लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में 35.08 लाख के सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
नवरात्रि की पंचमी पर कन्या शिवि के हाथों हुआ भूमिपूजन, महापौर प्रीति सूरी ने मातृशक्ति का किया सम्मान
कटनी। नवरात्रि की पंचमी के अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में लगभग 35 लाख 8 हजार रुपये की लागत से दो सीसी सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सरला मिश्रा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वार्ड की कन्या शिवि के हाथों भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस दौरान महापौर ने उपस्थित मातृशक्तियों को पुष्पहार पहनाकर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने वार्ड की अन्य गलियों का निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा भी लिया।
दो सड़कों का होगा निर्माण
नगर निगम द्वारा वार्ड में नागरिकों की आवागमन संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए दो सीसी सड़कें बनाई जाएंगी। इनमें सुभाष तिवारी के घर से शंकर दुबे के घर तक सड़क निर्माण पर 27 लाख 8 हजार रुपये तथा आनंद पटेल के घर से अशोक सोनी के घर तक सड़क निर्माण पर 8 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने और सड़क व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
मातृशक्ति का सम्मान और वार्डों का विकास प्राथमिकता : महापौर
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नवरात्रि मातृशक्ति की आराधना और सम्मान का पर्व है। भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति का विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि नगर का विकास तभी सार्थक है, जब प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलें और उनकी समस्याओं का समाधान हो। विकास कार्यों के साथ वार्ड की अन्य गलियों का निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि आवश्यकतानुसार सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी जा सके। उन्होंने नागरिकों से निर्माण कार्यों में सहयोग करने, स्वच्छता बनाए रखने और कार्यों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
पार्षद ने जताया आभार
क्षेत्रीय पार्षद सरला मिश्रा ने सड़क निर्माण कार्यों के शुभारंभ पर महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वार्डवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलता है और दोनों निर्माण कार्यों से स्थानीय रहवासियों को आवागमन में सुविधा होगी। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, समाजसेवी डॉ. सुनील द्विवेदी, संतोष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। निर्माण कार्यों के शुभारंभ पर स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर, पार्षद एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया।