सायना स्कूल में 14वीं मैराथन, दौड़े बच्चे और युवा ‘मजबूत शरीर, तेज दिमाग, बेहतर जीवन’ का संदेश लेकर 12 किमी दौड़े प्रतिभागी, स्वच्छता अभियान भी चलाया

0

सायना स्कूल में 14वीं मैराथन, दौड़े बच्चे और युवा

‘मजबूत शरीर, तेज दिमाग, बेहतर जीवन’ का संदेश लेकर 12 किमी दौड़े प्रतिभागी, स्वच्छता अभियान भी चलाया

कटनी। गांधी जयंती के अवसर पर सायना इंटरनेशनल स्कूल, कटनी द्वारा शुक्रवार को 14वीं मैराथन रन फॉर ‘स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत’ का आयोजन किया गया। इस वर्ष मैराथन की थीम ‘मजबूत शरीर, तेज दिमाग, बेहतर जीवन’ रही। आयोजन का उद्देश्य शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वच्छ वातावरण, प्लास्टिक मुक्त समाज और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देना रहा।

मैराथन की शुरुआत कटनी रेलवे स्टेशन से हुई और करीब 12 किलोमीटर की दूरी तय कर सायना इंटरनेशनल स्कूल, झिंझरी में इसका समापन हुआ। स्कूल के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा, प्रबंधन प्रतिनिधि ऋषि अरोरा, सायना किड्स स्कूल की प्रभारी डॉ. भारती शर्मा, हेड मास्टर डॉ. लोकेश दुबे एवं कमल सरेचा ने ध्वज दिखाकर मैराथन को रवाना किया। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और धावकों का मनोबल बढ़ाया।

बालक वर्ग में विवेक, बालिका वर्ग में श्रेया प्रथम

मैराथन के बालक वर्ग में सायना इंटरनेशनल स्कूल के विवेक सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सायना सैनिक स्कूल के कैडेट अभिराज लोधी द्वितीय तथा सायना इंटरनेशनल स्कूल के अनुराग पटेल तृतीय स्थान पर रहे।

बालिका वर्ग में सायना इंटरनेशनल स्कूल की श्रेया कुशवाहा ने प्रथम स्थान हासिल किया। सायना सैनिक स्कूल की कैडेट कृष्णयी भंडारकर द्वितीय तथा कैडेट महिरा परवीन तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

स्वच्छता के साथ श्रमजीवियों को कराया भोजन

कार्यक्रम के दूसरे चरण में सायना स्कूल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें विद्यार्थियों और स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा परिसर की साफ-सफाई की। इसके बाद विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्कूल में कार्यरत श्रमजीवियों को स्नेहपूर्वक भोजन कराया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ केवल नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ और सुंदर समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प है। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने लोगों से कचरे का उचित निस्तारण करने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा जल एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का आह्वान किया।

सायना स्कूल की चेयरपर्सन निधि पाठक ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 14 वर्षों से आयोजित की जा रही सायना की मैराथन समाज में स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास कर रही है।

क्रीड़ा विभाग प्रभारी पिंकी बलियानी ने प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन मानसिक और शारीरिक क्षमताओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed