जलकर बकाया पर 50 प्रतिशत राहत, सुभाष चौक में निगम ने लगाया विशेष स्टॉल मौके पर बकाया राशि जमा कर नागरिक उठा रहे योजना का लाभ

0

जलकर बकाया पर 50 प्रतिशत राहत, सुभाष चौक में निगम ने लगाया विशेष स्टॉल
मौके पर बकाया राशि जमा कर नागरिक उठा रहे योजना का लाभ
कटनी। नगर निगम प्रशासन द्वारा बकाया जलकर राशि के भुगतान पर नागरिकों को राहत देने के लिए संचालित विशेष राहत योजना का लाभ पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में सुभाष चौक में विशेष स्टॉल लगाया गया है, जहां नागरिकों को योजना की जानकारी देने के साथ मौके पर ही बकाया जलकर की कुल राशि का 50 प्रतिशत एकमुश्त भुगतान कर शेष 50 प्रतिशत राशि पर राहत का लाभ लेने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्टॉल पर पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को उनकी बकाया राशि, देय राशि, योजना की पात्रता और राहत के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। निगम अमले द्वारा बकायादार नागरिकों से संपर्क कर उन्हें निर्धारित अंतिम तिथि 10 सितंबर तक बकाया जलकर का भुगतान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। नगर निगम प्रशासन ने योजना को केवल कार्यालयों तक सीमित रखने के बजाय नागरिकों के बीच पहुंचकर उसका लाभ दिलाने की पहल की है। सुभाष चौक जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर लगाए गए स्टॉल के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार करने के साथ नागरिकों की जिज्ञासाओं का समाधान और भुगतान प्रक्रिया संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।
स्टॉल पर सुविधा मिलने से नागरिकों को योजना की जानकारी के लिए अलग से नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। वे मौके पर ही अपनी बकाया राशि और पात्रता की जानकारी प्राप्त कर भुगतान करते हुए राहत का लाभ उठा रहे हैं। नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक विशेष राहत योजना के लाभ से वंचित न रहे। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे नगर निगम कार्यालय, संबंधित जोन कार्यालय अथवा सुभाष चौक स्थित विशेष स्टॉल पर पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार राहत का लाभ लेते हुए अपने बकाया जलकर का भुगतान निर्धारित अवधि में करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *