निगमाध्यक्ष का मदन मोहन चौबे वार्ड में भ्रमण, जनसंवाद के माध्यम से मूलभूत सुविधाओं की व्यापक समीक्षा कर समाधान के दिए निर्देश

0

निगमाध्यक्ष का मदन मोहन चौबे वार्ड में भ्रमण, जनसंवाद के माध्यम से मूलभूत सुविधाओं की व्यापक समीक्षा कर समाधान के दिए निर्देश
कटनी।। निगमाध्यक्ष मनीष पाठक द्वारा मदन मोहन चौबे वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान श्री पाठक ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर वार्ड में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानी तथा नागरिकों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना। यह भ्रमण जनहित एवं सुशासन की दिशा में नगर निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने वार्ड में स्थापित स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की जानकारी ली। जिन स्थानों पर लाइटें खराब अथवा बंद पाई गईं, वहां शीघ्र मरम्मत एवं नई लाइटें लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन सुरक्षा एवं आवागमन की सुविधा के लिए सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। सफाई व्यवस्था को लेकर श्री पाठक ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि नियमित कचरा संग्रहण, गलियों व सड़कों की सफाई तथा नालियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और निगरानी तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। वार्ड में प्रतिदिन होने वाली जल आपूर्ति की स्थिति एवं पेय जल की गुणवत्ता पर विस्तृत समीक्षा क्षेत्रीय नागरिकों से की। उन्होंने पानी की सप्लाई समय पर, पर्याप्त दबाव के साथ और सभी क्षेत्रों तक समान रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को जल संकट का सामना न करना पड़े। पानी की गुणवत्ता पर विशेष चर्चा करते हुए कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि नियमित रूप से पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा शुद्ध एवं स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त सड़क, नाली, स्वच्छता, सार्वजनिक स्थानों की स्थिति एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी नागरिकों से विस्तार से चर्चा की गई और सभी बिंदुओं को संज्ञान में लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed