दरौडी में फंसे नर तेंदुए का सफल रेस्क्यू, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम ने दिखाई तत्परता
दरौडी में फंसे नर तेंदुए का सफल रेस्क्यू, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम ने दिखाई तत्परता
कटनी।। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरौडी में खेत की लोहे की फेंसिंग में फंसे नर तेंदुए को लेकर गुरुवार को गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड में आया और कुछ ही देर में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू टीम में शामिल डॉ. राजेश तोमर एवं उनके अनुभवी सहयोगी स्टाफ ने हालात का बारीकी से आकलन किया। सुरक्षा घेराबंदी के बीच ग्रामीणों को दूर रखा गया, ताकि तेंदुए या किसी नागरिक को कोई नुकसान न पहुंचे। इसके बाद टीम ने वैज्ञानिक और सुरक्षित तकनीक अपनाते हुए तेंदुए को फेंसिंग तार से सफलतापूर्वक मुक्त कराया।
रेस्क्यू के तुरंत बाद मौके पर ही तेंदुए का प्राथमिक चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। स्थिति सामान्य पाए जाने पर उसे नजदीकी वन परिक्षेत्र में सुरक्षित रूप से रिलीज कर दिया गया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और नियंत्रित ढंग से संपन्न हुई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। इस संबंध में डॉ.अनुपम सहाय, क्षेत्र संचालक, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व ने जानकारी देते हुए बताया कि फंसा हुआ तेंदुआ नर था और वन विभाग की तत्परता व टीमवर्क से उसका सुरक्षित रेस्क्यू संभव हो सका। उन्होंने बताया कि तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ है और उसे उसके प्राकृतिक आवास के समीप छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि पूरी कार्रवाई के दौरान वन अमले और रेस्क्यू टीम ने अत्यंत सावधानी बरती, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।