राजस्व वसूली में लापरवाही पर निगमायुक्त सख्त, दो कर्मियों को कारण बताओ नोटिस

0

राजस्व वसूली में लापरवाही पर निगमायुक्त सख्त, दो कर्मियों को कारण बताओ नोटिस
कटनी।। नगर निगम में राजस्व वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निगमायुक्त तपस्या परिहार ने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर सख्त रुख अपनाया है। वसूली कार्य में लगातार उदासीनता पाए जाने पर राजस्व शाखा के दो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर वार्ड क्रमांक 19 एवं 20 के सहायक राजस्व निरीक्षक तथा वार्ड क्रमांक 3 के वसूलीकर्ता से तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी वसूली कार्य में लापरवाही बरतने पर निगमायुक्त द्वारा छह कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति को दृष्टिगत रखते हुए निगमायुक्त द्वारा राजस्व वसूली की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। निगमायुक्त ने वसूली दल को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए तथा कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजस्व लक्ष्य की पूर्ति में बाधा बनने वाली किसी भी स्थिति पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed