दिनदहाड़े सूने घर में चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, करीब 8 लाख के जेवर बरामद

0

दिनदहाड़े सूने घर में चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, करीब 8 लाख के जेवर बरामद
कटनी।। जिले के थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने दिन के समय सूने घर में चोरी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख 94 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। यह कार्रवाई एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना स्लीमनाबाद प्रभारी एवं उनकी टीम द्वारा की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 मार्च 2026 को ग्राम महगंवा निवासी जगदेव प्रसाद हल्दकार (50) ने थाना स्लीमनाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके छोटे भाई वासुदेव हल्दकार का परिवार होली पूजा के लिए घर में ताला लगाकर गया था। दोपहर करीब 2 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का दरवाजा खुला मिला और अंदर कमरे का ताला टूटा हुआ था। अलमारी और बिस्तर पेटी खंगाली हुई थी तथा उसमें रखा सोने-चांदी के जेवरों से भरा डिब्बा और 10 हजार रुपये नगद चोरी हो चुके थे।
रिपोर्ट पर थाना स्लीमनाबाद में अपराध क्रमांक 127/2026 धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने दीपक उर्फ दीपू (27), अर्पित उर्फ राज (22), जगमोहन उर्फ मोहन उर्फ मन्जा पटेल (27) तथा पवन उर्फ मरहरण कोल (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने का हार, मंगलसूत्र, चेन, झुमकी, कंगन, अंगूठी, नथ, लोंग सहित बड़ी मात्रा में चांदी की पायल, करधन, बिछिया व अन्य जेवरात बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 7 लाख 94 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *