बरही में 14 मार्च को ‘कृषि महोत्सव’: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देंगे 650 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं सहित 300 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात 2 किलोमीटर लंबा रोड शो, 50 हजार एकड़ भूमि को मिलेगा पानी; किसानों के लिए ऐतिहासिक दिन बनने की तैयारी

0

बरही में 14 मार्च को ‘कृषि महोत्सव’: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देंगे 650 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं सहित 300 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
2 किलोमीटर लंबा रोड शो, 50 हजार एकड़ भूमि को मिलेगा पानी; किसानों के लिए ऐतिहासिक दिन बनने की तैयारी
कटनी/बरही।। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरही नगर में 14 मार्च को आयोजित होने वाला कृषि महोत्सव क्षेत्र के लिए विकास और किसान समृद्धि का बड़ा अवसर बनने जा रहा है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका यह क्षेत्र का पहला दौरा है, जिसे लेकर पूरे इलाके में उत्साह और तैयारियों का माहौल है।
कार्यक्रम श्री विजयनाथ धाम मेला ग्राउंड में दोपहर 1:30 बजे से आयोजित होगा। इस आयोजन की तैयारियों की कमान विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के नेतृत्व में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा संभाली जा रही है। विधायक पाठक स्वयं लगातार अधिकारियों के साथ स्थल और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
50 हजार एकड़ भूमि को मिलेगी सिंचाई की सौगात
कृषि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य हाल ही में राज्य कैबिनेट से स्वीकृत दो बड़ी सिंचाई परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करना है। करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इन परियोजनाओं से लगभग 50,000 एकड़ कृषि भूमि सिंचित होगी और करीब 30 पंचायतों के खेतों तक पानी पहुंचेगा। किसानों के लिए इसे क्षेत्र की सबसे बड़ी कृषि उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है, जिससे उत्पादन और आय में बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है।
रोड शो और रथ यात्रा से होगा भव्य स्वागत


मुख्यमंत्री के आगमन पर बरही नगर में लगभग 2 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों और कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प वर्षा और मालाओं से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री मेला ग्राउंड पहुंचकर कृषि महोत्सव में किसानों को संबोधित करेंगे और विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे।
300 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लगभग 300 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। साथ ही बरही-मैहर मार्ग पर कुटेश्वर पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण के लिए 94 करोड़ रुपये की परियोजना की भी घोषणा की जाएगी, जिससे क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, रोड शो मार्ग और यातायात व्यवस्था की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है ताकि कार्यक्रम सुचारु और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।
विधायक ने किया बरही चलो का आह्वान
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने क्षेत्रवासियों और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव का यह दौरा विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विकास और किसानों की खुशहाली के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह कृषि महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि किसानों के उज्जवल भविष्य और क्षेत्रीय समृद्धि की नई शुरुआत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed