नवरात्रि से पहले सड़कों का रेस्टोरेशन पूरा करें: निगमायुक्त
नवरात्रि से पहले सड़कों का रेस्टोरेशन पूरा करें: निगमायुक्त
कटनी।। नगर निगम की निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने गुरुवार को अमृत 1.0 एवं अमृत 2.0 योजनाओं के अंतर्गत चल रहे सीवरेज एवं सेप्टेज प्रोजेक्ट कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीवर लाइन बिछाने के लिए जिन सड़कों को खोदा गया है, उनका स्थायी रेस्टोरेशन आगामी नवरात्रि पर्व से पहले हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। साथ ही बारिश से पूर्व अस्थायी भराई (मार्टरेबल) का कार्य भी अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने अमृत 1.0 योजना के अंतर्गत माधवनगर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के शेष कार्य 31 मार्च से पहले पूर्ण कर ट्रायल रन प्रारंभ करने के निर्देश दिए। वहीं हाउस सर्विस कनेक्शन के लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए अतिरिक्त मैनपावर और मशीनरी लगाने को कहा।
अमृत 2.0 योजना के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक 17 एवं रामजानकी हनुमान वार्ड क्रमांक 18 में लगभग 3.8 किलोमीटर सीवर लाइन विस्तार कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। निगमायुक्त ने कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने, नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने तथा सड़कों का रेस्टोरेशन शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, पीडीएमसी के एआरई सौरभ नौगजा, संविदाकार प्रतिनिधि करण पटेल, हार्दिक मोरडिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।