सफाई शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम शुरू, दो टोल फ्री नंबर जारी
सफाई शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम शुरू, दो टोल फ्री नंबर जारी
कटनी।। नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा एक नई पहल की गई है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर नगर निगम कार्यालय के कक्ष क्रमांक 36 में स्वच्छता से संबंधित शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
इस कंट्रोल रूम के लिए दो टोल फ्री नंबर 1800 233 0877 तथा 14420 जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर नागरिक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से शाम 8 बजे तक संपर्क कर सफाई से जुड़ी अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी एवं सहायक यंत्री आदेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्टवार निर्धारित की गई है, जिससे तय समय के भीतर शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा सके। नागरिक यहां सेप्टिक टैंक की सफाई, निर्माण सामग्री उठवाने, सार्वजनिक नालियों और सड़कों की सफाई सहित अन्य स्वच्छता संबंधी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कंट्रोल रूम में शिकायतों का विधिवत पंजी संधारित किया जाए, जिसमें शिकायत का विवरण, निराकरण के लिए भेजे गए कर्मचारी का नाम तथा कार्य की स्थिति दर्ज की जाए। साथ ही शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि स्वच्छता से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।