तहसील और जनपद कार्यालय मरवाही का कलेक्टर ने किया निरीक्षण*
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 20 मार्च 2026/कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने आज तहसील कार्यालय और जनपद पंचायत कार्यालय मरवाही का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने कार्यालय जनपद पंचायत मरवाही का निरीक्षण कर, नस्तियों एवं राशन कार्ड के आवेदनों के रखरखाव, कर्मचारियों की बैठक व्यवस्था एवं परिसर में साफ-सफाई आदि का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में जाकर कार्यालयीन गतिविधियों का अवलोकन किया और शाखा प्रभारियों को अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व प्रकरणों के निराकरण की जानकारी ली और सीमांकन, बटवारा, नामान्तरण, व्यपवर्तन सहित सभी राजस्व प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने तहसीलदार श्रीमती प्रीती शर्मा को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे भी उपस्थित थे।