गौरेला का गौरव: मोहम्मद अमीन बने छत्तीसगढ़ में इंडेन एलपीजी के नए प्रमुख (DGM), संभालेंगे पूरे राज्य की कमान

0

(मोहम्मद शाकिब खान, मुख्य संवाददाता, गौरेला, जीपीएम)

 

दिनांक 20/03/2026

 

गौरेला/रायपुर (खास खबर):

नवगठित जिले गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) के लिए एक बेहद गर्व की खबर है। गौरेला के माटी पुत्र मोहम्मद अमीन को देश की महारत्न कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए छत्तीसगढ़ में इंडेन एलपीजी गैस का प्रमुख नियुक्त किया है। वे अब रायपुर स्थित इंडेन के मंडलीय कार्यालय (Divisional Office) में डीजीएम (डिविजनल एलपीजी सेल्स हेड, ग्रेड ‘F’) के महत्वपूर्ण पद पर अपनी सेवाएं देंगे।

 

इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट और राजभाषा हिंदी के लिए हो चुके हैं पुरस्कृत:

मोहम्मद अमीन ने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलिकम्युनिकेशन (Electronics and Telecommunication) इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है। अपनी मजबूत तकनीकी पृष्ठभूमि और शानदार प्रबंधन क्षमता के दम पर उन्होंने पेट्रोलियम सेक्टर में यह उत्कृष्ट मुकाम हासिल किया है। इसके साथ ही, राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और उसमें बेहतरीन शासकीय कार्य करने के लिए उन्हें कंपनी (IOCL) की ओर से कई बार सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जा चुका है।

 

विभिन्न राज्यों में रहा है काम का लंबा अनुभव:

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के मानव संसाधन विभाग द्वारा 13 मार्च 2026 को जारी आधिकारिक आदेश (क्र. MKT/02/2026/44320) के अनुसार, मोहम्मद अमीन का तबादला हिमाचल प्रदेश से छत्तीसगढ़ किया गया है। वर्तमान में वे शिमला इंडेन डीओ में डिविजनल एलपीजी सेल्स हेड के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। शिमला से पहले मोहम्मद अमीन का करियर बेहद शानदार रहा है। वे रायगढ़, सतना, भोपाल, इलाहाबाद (प्रयागराज) और रांची जैसे प्रमुख शहरों में भी पेट्रोलियम क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे चुके हैं। आदेश के मुताबिक, वे आगामी 11 अप्रैल 2026 तक शिमला से कार्यमुक्त होकर रायपुर में चीफ जनरल मैनेजर (CGM) और स्टेट हेड को अपनी रिपोर्टिंग देंगे।

 

समाज सेवा में जुटा है पूरा परिवार:

मोहम्मद अमीन की इस शानदार उपलब्धि से पूरे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। अमीन एक ऐसे होनहार परिवार से ताल्लुक रखते हैं, जो निरंतर देश और समाज की सेवा में अपना योगदान दे रहा है। उनके एक भाई मोहम्मद जाहिर अब्बास पेशे से शिक्षक हैं और समाज में शिक्षा की अलख जगा रहे हैं, वहीं दूसरे भाई मोहम्मद रमजान पुलिस विभाग में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर तैनात होकर कानून व्यवस्था संभाल रहे हैं। एक ही परिवार से शिक्षा, पुलिस और अब देश की अग्रणी पेट्रोलियम कंपनी में शीर्ष प्रबंधन के पद पर सेवाएं देना, अंचल के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।

 

उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर सुविधा:

मोहम्मद अमीन के लंबे, विस्तृत और बहु-राज्यीय अनुभव का लाभ अब सीधे तौर पर छत्तीसगढ़ को मिलेगा। उनकी इस पदस्थापना से यह उम्मीद जताई जा रही है कि उनके कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में इंडेन एलपीजी गैस की वितरण प्रणाली और उपभोक्ता सेवाओं में और अधिक सुगमता व पारदर्शिता आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *