नाले पर कब्जे का किला ढहा, रपटा नाले से कब्जा साफ, बुलडोजर ने तोड़ी हठ की दीवार,मौके पर भारी अमला तैनात

0

नाले पर कब्जे का किला ढहा, रपटा नाले से कब्जा साफ, बुलडोजर ने तोड़ी हठ की दीवार,मौके पर भारी अमला तैनात
कटनी।। शासकीय भूमि और प्राकृतिक जल स्रोतों पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ग्राम खिरहनी स्थित रपटा नाले पर बने अवैध बाउंड्रीवॉल को हटाने की कार्रवाई आज शुरू कर दी। कलेक्टर न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बाद प्रशासनिक अमला पूरे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा और अवैध निर्माण को हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। कार्रवाई के दौरान स्थल पर तहसीलदार, पटवारी, NKJ थाने का पुलिस बल एवं नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता मौजूद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में जेसीबी मशीनों से बाउंड्रीवॉल को तोड़ा गया।
यह कार्रवाई उस अवैध निर्माण के खिलाफ की गई, जो प्राकृतिक बरसाती नाले की भूमि पर किया गया था। जांच में यह स्पष्ट हुआ था कि बाउंड्रीवॉल नाले के भीतर तक बना दी गई थी, जिससे जल प्रवाह बाधित हो रहा था और नाले के अस्तित्व के साथ गंभीर छेड़छाड़ की गई थी। कलेक्टर न्यायालय द्वारा अपील खारिज किए जाने के बाद प्रशासन ने बिना किसी देरी के कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति के नाले, नदी या शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिकॉर्ड में भी उजागर हुआ सच
पुराने राजस्व अभिलेखों में यह भूमि शासकीय पानी मद और नाला के रूप में दर्ज पाई गई थी। इसके बावजूद यहां निर्माण होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, जिसकी अलग से जांच भी जारी है। इस कार्रवाई को प्रशासन का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि प्राकृतिक संसाधनों और शासकीय जमीन पर अतिक्रमण अब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान कम्प्यूटर खसरा अभिलेख में खसरा नंबर 553/2/1, 553/3/1, 553/3/2, 553/6 रकबा 0.660, 0.607, 0.144, 0.442 हेक्टेयर प्रवीण बजाज पिता सत्यनारायण बजाज के नाम पर भूमि स्वामी स्वत्व में दर्ज है और भूमि स्वामी हक की भूमि पर कांक्रीट से निर्मित रिटेनिंग बाउंड्री वॉल बनाई गई है। जिससे राजस्व अभिलेख की कैफियत में दर्ज नाला खसरा नंबर 442 का प्राकृतिक बहाव बाउंड्री वॉल निर्मित होने से बाधित हो रहा है। उन्होंने बताया कि मौका मुआयना के बाद मुख्य सडक़ के दक्षिण दिशा की ओर पुराना पुल निर्मित है तथा पुराने पुल की सीमा दक्षिण पूर्व की ओर बाउंड्री निर्मित है। बाउंड्री निर्माण होने से नाले के स्वरूप में परिवर्तन परिलक्षित हो रहा है। निर्मित बाउंड्री रिटेनिंग वॉल से नाले का प्राकृतिक जल बहाव बाधित संभावित प्रतीत होने की वजह से जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed