रिश्वत मांगने या लेने वालों पर होगी कार्रवाई, गौरेला नगरपालिका ने जारी की आम सूचना
गौरेला। नगर पालिका परिषद गौरेला द्वारा नागरिक सुविधाओं, विकास एवं निर्माण कार्यों से संबंधित लेन-देन में भ्रष्टाचार और अनाधिकृत राशि की मांग को लेकर आम सूचना जारी की गई है।
नगरपालिका की ओर से जारी सूचना में नागरिकों को स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा अथवा निकाय के किसी अधिकारी-कर्मचारी द्वारा अनुचित लेन-देन किया जाता है, किसी राशि की मांग की जाती है या जबरदस्ती प्रलोभन दिया जाता है, तो नागरिक संबंधित व्यक्ति को कोई धनराशि न दें।
नगरपालिका ने ऐसी किसी भी स्थिति की सूचना मुख्य नगरपालिका अधिकारी के व्यक्तिगत व्हाट्सऐप नंबर 8103878980 पर देने की अपील की है। सूचना में कहा गया है कि मामला सामने आने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
आम सूचना में नागरिकों से अपील की गई है कि नगरपालिका से संबंधित किसी कार्य के लिए यदि कोई व्यक्ति अनुचित राशि की मांग करता है तो तत्काल इसकी जानकारी नगरपालिका को दें, ताकि ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
नगरपालिका परिषद गौरेला द्वारा यह सूचना 2 सितंबर 2026 को जारी की गई है और इसकी प्रतिलिपि नगरपालिका अध्यक्ष, समस्त कर्मचारियों, आम जनता तथा नोटिस बोर्ड के लिए जारी की गई है।