ऑपरेशन शिकंजा का असर कैमोर पुलिस की दबिश, कच्चे मकान से 72 हजार की अवैध शराब जब्त
ऑपरेशन शिकंजा का असर कैमोर पुलिस की दबिश, कच्चे मकान से 72 हजार की अवैध शराब जब्त
कटनी।। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शिकंजा के तहत कैमोर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम जमुवानी कला में दबिश देकर एक कच्चे मकान से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। अभियान के तहत थाना प्रभारी कैमोर निरीक्षक आशीष कुमार शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर में अवैध शराब छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करता मिला, जिसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेन्द्र सिंह उर्फ पप्पू (36 वर्ष), निवासी जमुवानी कला बताया। आरोपी की निशानदेही पर कच्चे मकान की परछी में घास-फूस के पीछे छिपाकर रखे गए 14 कार्टून में 700 पाव देशी शराब प्लेन व मसाला बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 126 लीटर और कीमत करीब 72 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह शराब खलवारा बाजार निवासी रोहित सिंह उर्फ पौहा द्वारा लाकर उसके घर में रखवाई गई थी। पुलिस ने उसे भी मामले में आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।