पक्का घर बनने से बरसात में होने वाली परेशानी से चिंता मुक्त हुए मदन
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 10 अप्रैल 2026/प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से लाखों लोगों के जीवन में बदलाव आया है। इस परिवर्तन की एक प्रेरणादायक कहानी है ग्राम पंचायत गिरारी के मदन की। पेण्ड्रा विकासखण्ड के गिरारी गांव के मदन अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रहते थे, जहां बरसात के मौसम में छत से पानी टपकता था, जिससे उन्हें सिर्फ परेशानी ही नहीं होती थी बल्कि परिवार की सुरक्षा भी खतरे में रहती थी। हर साल बारिश उनके लिए चिंता और परेशानी का कारण बन जाती थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में श्री मदन को आवास स्वीकृत हुआ। उन्होंने योजना से प्राप्त सहायता और अपने मेहनत के बल पर अपने सपनों का पक्का घर बनाना शुरू किया। आज मदन का परिवार एक मजबूत, सुरक्षित और सम्मानजनक पक्के घर में रह रहा है। अब उन्हें बारिश या किसी भी मौसम का डर नहीं सताता। वे खुशी से कहते हैं- पहले बरसात में घर में पानी भर जाता था, अब हमें डर नहीं लगता है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने हमारे जीवन में नया उजाला भर दिया है।