राहगीरी डे में उमड़ा उत्साह का सैलाब जागृति पार्क बना फिटनेस हब, स्वच्छता की गूंज से गूंजा
राहगीरी डे में उमड़ा उत्साह का सैलाब जागृति पार्क बना फिटनेस हब, स्वच्छता की गूंज से गूंजा
कटनी।। शहर के जागृति पार्क में रविवार को आयोजित राहगीरी डे ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और तनावमुक्त जीवनशैली का अनूठा संदेश देते हुए नागरिकों को नई ऊर्जा से भर दिया। नगर निगम प्रशासन की इस पहल में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरा परिसर उत्साह और सकारात्मकता से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, मेयर इन काउंसिल सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को और गरिमा प्रदान की। खुला मंच मिलने पर नागरिकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे माहौल और भी जीवंत बन गया।
खेल, योग और जुंबा ने बढ़ाया जोश
राहगीरी डे के दौरान सांप-सीढ़ी, बोरा दौड़, रस्साकशी, पिट्टू, कैरम, शतरंज, म्यूजिकल चेयर, योग और जुंबा जैसी गतिविधियों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। निगमायुक्त स्वयं प्रतिभागियों के बीच पहुंचीं और उनका उत्साहवर्धन किया।
महिलाओं ने रस्साकशी में मारी बाजी
रस्साकशी प्रतियोगिता इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें महिला वर्ग ने शानदार प्रदर्शन कर जीत हासिल की। हरियाली और खुले वातावरण में हुए इस मुकाबले ने दर्शकों में भी जोश भर दिया।
नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त शहर का संदेश प्रभावी ढंग से दिया। इस दौरान निगमायुक्त ने सभी उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
जुंबा पर थिरका पूरा पार्क
नेहा मोटवानी और उनकी टीम के साथ जुंबा सत्र ने कार्यक्रम में जान डाल दी। महिलाएं, बच्चे और अधिकारी भी संगीत की धुन पर झूमते नजर आए। योग सत्र में भी नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
स्वच्छता चैंपियनों का सम्मान कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्वच्छता चैंपियन सैश और तुलसी के पौधे देकर सम्मानित किया गया। स्वच्छता मित्रों को भी विशेष सम्मान प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
स्वस्थ शहर की ओर बढ़ता कदम
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि राहगीरी डे का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ और तनावमुक्त जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे।