जिले की बेटी बनी मिसाल खुशी शुक्ला ने MBBS कर रचा इतिहास, बढ़ाया मान-सम्मान
जिले की बेटी बनी मिसाल खुशी शुक्ला ने MBBS कर रचा इतिहास, बढ़ाया मान-सम्मान
कटनी।। जिले के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का क्षण उस समय आया जब एडवोकेट अमित शुक्ला एवं श्रीमती मनोरमा शुक्ला की प्रतिभाशाली सुपुत्री खुशी शुक्ला ने अटल बिहारी बाजपेई मेडिकल कॉलेज से MBBS की प्रतिष्ठित डिग्री हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया। दीक्षांत समारोह के भव्य आयोजन में कुलपति महोदय ने खुशी शुक्ला को डिग्री प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धि उनकी कठिन मेहनत, अटूट लगन और समर्पण का परिणाम है, जिसने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया। अपनी सफलता पर खुशी शुक्ला ने भावुक होते हुए कहा कि इस मुकाम तक पहुंचना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन माता-पिता के सतत मार्गदर्शन, त्याग और विश्वास के साथ-साथ शिक्षकों की प्रेरणा ने उन्हें हर चुनौती से लड़ने की ताकत दी। उन्होंने इस उपलब्धि को अपने परिवार और गुरुओं को समर्पित किया।
खुशी शुक्ला की यह सफलता आज जिले के युवाओं विशेषकर बेटियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, परिश्रम और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
जिले भर में हर्ष का माहौल है, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने खुशी शुक्ला को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि निश्चित ही जिले के लिए एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद की जाएगी।