खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध उत्खनन और परिवहन पर दो वाहन जब्त, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
शहडोल। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देश एवं खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान सोहागपुर तहसील क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभारी खनि निरीक्षक श्यामलाल गुप्ता के नेतृत्व में खनिज अमले द्वारा सोहागपुर तहसील अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर एवं विचारपुर क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर औचक निरीक्षण किया गया। शिकायतों में बताया गया था कि क्षेत्र में खनिज बोल्डर एवं रेत का अवैध उत्खनन कर बिना वैध अनुमति के परिवहन किया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम ने 17 अप्रैल को दोपहर लगभग 2:50 बजे निरीक्षण अभियान चलाया।
जांच के दौरान ग्राम कल्याणपुर, तहसील सोहागपुर में वाहन क्रमांक एमपी 18 एच 5414 को रोककर जांच की गई। वाहन चालक से खनिज बोल्डर के परिवहन से संबंधित वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन सहित खनिज बोल्डर को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को शासकीय अभिरक्षा में थाना कोतवाली में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
इसी क्रम में शाम लगभग 4:00 बजे ग्राम विचारपुर, तहसील सोहागपुर क्षेत्र में एक अन्य वाहन मेटाडोर क्रमांक एमपी 18जेड एफ 6617 को जांच हेतु रोका गया। जांच में पाया गया कि वाहन में रेत लोड थी और उसका परिवहन किया जा रहा था। जब वाहन चालक से परिवहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी वैध अनुमति पत्र या रॉयल्टी संबंधी कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद विभागीय टीम ने वाहन सहित लोड रेत को जब्त कर लिया तथा वाहन को थाना की अभिरक्षा में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। दोषियों पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध खनिज कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सतत निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर शहडोल के निर्देशानुसार भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
जिलेवासियों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध रेत, बोल्डर, गिट्टी या अन्य खनिज पदार्थों का उत्खनन अथवा परिवहन हो रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन या खनिज विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। प्रशासन का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के साथ-साथ राजस्व की हानि रोकना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।