परशुराम जन्मोत्सव पर भव्य आयोजन, सोमवार को निकलेगी आकर्षक शोभायात्रा
शहडोल। भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव एवं अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 20 अप्रैल सोमवार को जिला ब्राह्मण समाज शहडोल द्वारा विविध धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों का संचालन जिला अध्यक्ष पंडित वाल्मीक गौतम के नेतृत्व में किया जा रहा है।सुबह 10 बजे से रक्तदान शिविर और आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। दोपहर 1:30 बजे से स्नेह भोज रखा गया है, वहीं शाम 4 बजे भगवान परशुराम जी की जीवन झांकियों का पूजन-अर्चन और पुण्य श्लोकों का पाठ किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शाम 4:30 बजे निकलने वाली भव्य शोभायात्रा होगी, जो जयस्तंभ चौक से गांधी चौक, जैन मंदिर होते हुए मोहनराम मंदिर तक पहुंचेगी। शोभायात्रा में भगवान परशुराम जी की झांकियां, भजन-कीर्तन और पारंपरिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
जिला अध्यक्ष पंडित वाल्मीक गौतम ने समाज के सभी विप्रजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का अवसर है।