सरेआम युवक पर लोहे की रॉड से हमला,कानून का खौफ खत्म

0

सरेआम युवक पर लोहे की रॉड से हमला,कानून का खौफ खत्म
कटनी।। शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गर्ग चौराहा से हीरागंज मार्ग ओवरब्रिज के पास दिनदहाड़े हुई बर्बर मारपीट की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। सुबह करीब 11 बजे, जब सड़क पर आमजन की आवाजाही चरम पर थी, उसी दौरान कुछ हमलावरों ने एक युवक को घेरकर बीच सड़क पर लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने युवक को जमीन पर गिराकर लगातार वार किए। हैरानी की बात यह रही कि यह पूरी घटना सरेआम होती रही और आसपास मौजूद लोग भय के कारण मूकदर्शक बने रहे। किसी ने हिम्मत नहीं जुटाई कि पीड़ित को बचाया जा सके। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, घायल युवक हीरागंज क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, लेकिन हमले के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। जिस तरह से खुलेआम गुंडागर्दी की गई, उससे साफ संकेत मिलता है कि अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं रह गया है। सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में, दिन के उजाले में इस तरह की वारदात कैसे हो गई क्या पुलिस की गश्त व्यवस्था पूरी तरह निष्क्रिय हो चुकी है क्या अपराधियों को अब कानून का कोई भय नहीं रहा। स्थानीय नागरिकों में इस घटना के बाद भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह सरेआम हमले होते रहे, तो आमजन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। नागरिकों ने मांग की है कि वायरल वीडियो के आधार पर तत्काल आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि कानून का भय दोबारा स्थापित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed