शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा, 236 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई हेलमेट नहीं, तो सड़क पर नहीं….नियम तोड़े तो लाइसेंस भी होगा निलंबित

0

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा, 236 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई
हेलमेट नहीं, तो सड़क पर नहीं….नियम तोड़े तो लाइसेंस भी होगा निलंबित
कटनी।। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान छेड़ दिया है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट बाइक दौड़ाने वालों, ट्रिपल राइडिंग करने वालों और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 236 से अधिक वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 89 हजार 500 रुपये से अधिक का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक जिले में विशेष हेलमेट चेकिंग एवं यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी एवं डीएसपी अजाक शिवा पाठक की मौजूदगी में माधव नगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे एवं यातायात पुलिस टीम ने बिलहरी मोड़ पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाना, बिना नंबर प्लेट वाहन दौड़ाना, ट्रिपल राइडिंग करना, बिना हेलमेट बाइक चलाना और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहन चालकों पर तत्काल चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई से बचने के लिए कई वाहन चालक बहानेबाजी करते नजर आए, लेकिन पुलिस ने किसी की एक न सुनी और सख्ती के साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नाबालिग बच्चों को भी दोपहिया वाहन चलाते पकड़ा गया। इस पर पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके परिजनों को मौके पर बुलाया और कड़ी चेतावनी दी। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन देना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह उनकी जिंदगी को खतरे में डालने जैसा है। अभिभावकों को भविष्य में बच्चों को वाहन न देने की सख्त हिदायत देकर छोड़ा गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में होने वाली अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट नहीं पहनना सबसे बड़ा कारण बनकर सामने आता है। इसी को देखते हुए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ न सिर्फ चालानी कार्रवाई होगी बल्कि आवश्यकता पड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा नाबालिग बच्चों को वाहन न दें। पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल कार्रवाई के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी बचाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने के लिए चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!