स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनभागीदारी का उत्सव बना “राहगीरी डे” दुबे कॉलोनी से सोमनाथ मंदिर तक उमड़ा उत्साह, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

0

स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनभागीदारी का उत्सव बना “राहगीरी डे”
दुबे कॉलोनी से सोमनाथ मंदिर तक उमड़ा उत्साह, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कटनी।। नगर निगम कटनी द्वारा रविवार सुबह आयोजित राहगीरी डे शहर में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी उत्सव बन गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड अंतर्गत दुबे कॉलोनी मोड़ से सोमनाथ मंदिर तक आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


सुबह की शुरुआत योग एवं सामूहिक व्यायाम सत्र से हुई, जहां नागरिकों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इसके बाद साइकिलिंग, स्केटिंग, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, शतरंज, कैरम, पेंटिंग, चम्मच-नींबू दौड़, बोरा दौड़ और अन्य पारंपरिक खेलों ने आयोजन को जीवंत बना दिया। कटनी एक्सरसाइज ग्रुप द्वारा कराए गए फिटनेस अभ्यास और जुंबा सत्र ने लोगों में नई ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, शिक्षाविदों, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडरों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
राहगीरी डे के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। नुक्कड़ नाटक, रंगोली, कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और जल संरक्षण जैसे विषयों पर नागरिकों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए इको ब्रिक्स स्टॉल और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार कपड़े के थैलों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।


गीतांजलि कला केंद्र के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। वहीं हॉर्स राइडिंग और कार्टून कैरेक्टर गतिविधियों ने बच्चों का विशेष मनोरंजन किया।

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि राहगीरी डे केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने और कटनी को स्वच्छता में नंबर वन बनाने का आह्वान किया।
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा नागरिकों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। वहीं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए जल संरक्षण और वाटर हार्वेस्टिंग को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों, जागरूक नागरिकों एवं स्वच्छता मित्रों को तुलसी के पौधे और कपड़े के थैले भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके माध्यम से नगर निगम ने हरित पर्यावरण और प्लास्टिक मुक्त जीवन का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed