नगर निगम सीमा के 9866 सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खाते में अंतरित हुई 59.19 लाख रूपये से अधिक की पेंशन की राशि
नगर निगम सीमा के 9866 सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खाते में अंतरित हुई 59.19 लाख रूपये से अधिक की पेंशन की राशि
कटनी।। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेश के 33 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को माह मार्च पेड इन अप्रैल 2026 की कुल राशि 200.71 करोड़ का हितलाभ सिंगल क्लिक के माध्यम से किया गया। इस दौरान कटनी नगर निगम सीमा के विभिन्न वार्डों के हितग्राहियों को वृद्धावस्था, कल्याणी, दिव्यांगता पेंशन की राशि उनके राष्ट्रीकृत बैंक खाते में अंतरित हुई ।
इन पेंशनधारियों के खाते में अंतरित हुई इतनी राशि
नगर निगम सामाजिक न्याय विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत माह मार्च 2026 में नगर निगम कटनी सीमांतर्गत निवासरत कुल 9 हजार 866 पात्र हितग्राहियों को 59 लाख 19 हजार 600 रुपये की पेंशन राशि उनके राष्ट्रीयकृत बैंक खातों में अंतरित की गई।
नगर निगम के योजना प्रभारी सनद विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 3066 हितग्राहियों को 18 लाख 39 हजार 600 रुपये अंतरित किए गए। वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 2271 हितग्राहियों को 13 लाख 62 हजार 600 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्त पेंशन योजना के 183 हितग्राहियों को 1 लाख 9 हजार 800 रुपये की पेंशन राशि उनके खातों में की गई।
मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना के तहत 44 हितग्राहियों को 26 हजार 400 रुपये अंतरित किए गए। मानसिक बहुविकलांग पेंशन योजना में 285 हितग्राहियों को 1 लाख 71 हजार रुपये तथा सामाजिक सुरक्षा वृद्धाश्रम पेंशन योजना के 127 हितग्राहियों को 76 हजार 200 रुपये की राशि अंतरित की गई। इसी प्रकार सामाजिक सुरक्षा परित्यक्ता पेंशन योजना के 61 हितग्राहियों को 36 हजार 600 रुपये तथा सामाजिक सुरक्षा निशक्त पेंशन योजना के 1250 हितग्राहियों को 7 लाख 50 हजार रुपये की पेंशन राशि प्रदान की गई।
इसी क्रम में सामाजिक सुरक्षा दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन राशि योजना के अंतर्गत 281 हितग्राहियों को 1 लाख 68 हजार 600 रुपये, मुख्यमंत्री अविवाहित पेंशन योजना के 24 हितग्राहियों को 14 हजार 400 रुपये तथा मुख्यमंत्री कल्याणी पेंशन योजना के 2,274 हितग्राहियों को 13 लाख 64 हजार 400 रुपये की पेंशन राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गई।