पड़खुरी में मजदूरों की मजदूरी व सुरक्षा में अनियमितता पर ठेकेदार एम डी अख्तर के खिलाफ होगी लिखित शिकायत, कार्रवाई की तैयारी

0

मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।

राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने अपनी टीम के साथ जिले में लगातार दौरा कर मजदूरों की स्थिति का जायजा लेने के बाद अब संबंधित संस्थानों और ठेकेदारों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह इंटक की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर मजदूरों से सीधे मुलाकात की। इस दौरान मजदूरी, सुरक्षा व्यवस्था और बीमा जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं की जानकारी जुटाई गई। साथ ही साक्ष्य के रूप में वीडियो ग्राफी भी कराई गई, ताकि बाद में मजदूरों पर किसी प्रकार का दबाव बनाकर बयान बदलवाने की स्थिति न बन सके।

इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने बताया कि दौरे के दौरान कई स्थानों से गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। विशेष रूप से ग्राम पंचायत पढ़खुरी में निर्माणाधीन पुल कार्य में लगे मजदूरों ने बताया कि उन्हें मात्र 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जा रही है। जबकि शासन द्वारा निर्धारित मजदूरी 350 से 450 रुपये के बीच है। इसके अलावा मजदूरों को किसी प्रकार की सुरक्षा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है और न ही उनका श्रम विभाग में पंजीयन कराया गया है।

मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त कार्य अंबिकापुर के ठेकेदार एम.डी. अख्तर द्वारा कराया जा रहा है, जहां खुलेआम मजदूरों का शोषण हो रहा है। इस पर इदरीस अंसारी ने मजदूरों को आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।

इंटक अध्यक्ष ने मीडिया को बताया कि जिन-जिन ठेकेदारों और संस्थानों, यहां तक कि पेट्रोल पंपों से भी मजदूरी संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उनके खिलाफ श्रम विभाग के अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। यदि विभागीय स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो इंटक प्रतिनिधिमंडल श्रम आयुक्त, रायपुर तक जाकर शिकायत दर्ज कराएगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मजदूरों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और एक-एक मामले में क्रमवार शिकायत प्रस्तुत की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed