शिविर में 15 मिनट के भीतर हेमंत को मिला ड्राइविंग लाइसेंस
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 7 मई 2026/सुशासन तिहार के अंतर्गत बुधवार को पेंड्रा विकासखंड के कलस्टर ग्राम पंचायत देवरीकला आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में मटियाडाड़ निवासी हेमंत कुमार को 15 मिनट के भीतर ड्राइविंग (लर्निंग) लाइसेंस प्रदान किया गया। हेमंत के साथ ही अन्य कई आवेदकों को भी मौके पर ही लाइसेंस प्रदान किया गया। लाइसेंस मिलने पर हेमंत कुमार ने अपने खुशी का इजहार करते हुए बताया कि उन्हें शिविर में पहुचने पर पता चला कि परिवहन विभाग के स्टॉल पर हल्के निजी वाहन के लिए लर्निंग लाइसेंस भी बनाया जा रहा है। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि कम समय में लाइसेंस बन जाएगा। लेकिन विभाग की तत्परता और सुचारू व्यवस्था ने उन्हें सुखद आश्चर्य में डाल दिया।
शिविर में महज 15 मिनट के भीतर ही हेमंत कुमार का लर्निंग लाइसेंस तैयार कर उन्हें सौंप दिया गया। बिना किसी परेशानी, लंबी लाइन या अनावश्यक देरी के त्वरित सेवा पाकर हेमंत बेहद खुश हुए। हेमंत कुमार ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बहुत ही सकारात्मक रहा और इससे सरकारी सेवाओं के प्रति उनका भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने शासन और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से आम लोगों को सीधा लाभ मिलता है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान होता है।