अरपा कप क्रिकेट प्रतियोगिता में पहुंचे इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला। माधवराव सप्रे ग्राउंड में आयोजित अरपा कप क्रिकेट प्रतियोगिता में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक के जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी अपनी टीम के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मैच का टॉस कराया और दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ खेलने की अपील की।
इदरीस अंसारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है, इसलिए हारने वाली टीम को कभी अपना मनोबल कमजोर नहीं होने देना चाहिए, वहीं जीतने वाली टीम को आगे और बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना की सीख देता है।
कार्यक्रम के दौरान इंटक जिला अध्यक्ष ने अरपा क्रिकेट कमेटी के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कमेंटेटर पवन पाण्डेय की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पवन पाण्डेय की कमेंट्री शैली काफी प्रभावशाली है और आने वाले समय में उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर कमेंट्री करने का अवसर जरूर मिलेगा।
उन्होंने अरपा क्रिकेट कमेटी के मनोज विश्वकर्मा एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए उनका सहयोग हमेशा मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, जिससे जिले का नाम देश-दुनिया में रोशन हो सकेगा।