ट्रैफिक सुधार पर एसपी का बड़ा दांव अनुभवी अधिकारी अनूप सिंह ठाकुर को मिली जिम्मेदारी, राहुल पांडे का बदला प्रभार भेजे गए कंट्रोल रूम

0

ट्रैफिक सुधार पर एसपी का बड़ा दांव
अनुभवी अधिकारी अनूप सिंह ठाकुर को मिली जिम्मेदारी, राहुल पांडे का बदला प्रभार भेजे गए कंट्रोल रूम
कटनी।। जिले की पुलिस व्यवस्था में एक अहम प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर को यातायात थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि रक्षित निरीक्षक राहुल पांडे को कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी इस आदेश को जिले की कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर पूर्व में माधवनगर थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान वे सख्त प्रशासनिक पकड़, अनुशासित कार्यशैली एवं कानून व्यवस्था पर नियंत्रण को लेकर चर्चाओं में रहे। पुलिस महकमे में उन्हें एक सक्रिय और फील्ड में लगातार मौजूद रहने वाले अधिकारी के रूप में देखा जाता है। यही वजह है कि यातायात व्यवस्था को सुधारने और शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं दूसरी ओर राहुल पांडे को कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी सौंपे जाने को लेकर पुलिस महकमे और शहर में कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। राहुल पांडे पूर्व में विभिन्न जिम्मेदारियों पर रहते हुए कई बार शिकायतों और विवादों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। सूत्रों के अनुसार उनकी कार्यशैली को लेकर विभागीय स्तर पर भी कई शिकायतें वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची थीं। ऐसे में उनके प्रभार परिवर्तन को केवल सामान्य प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि शिकायतों के बाद की गई रणनीतिक कार्रवाई के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस विभाग की ओर से इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस गलियारों में यह चर्चा तेज है कि पुलिस अधीक्षक द्वारा लिया गया यह निर्णय विभागीय छवि सुधारने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक स्पष्ट संदेश भी है। शहरवासियों को अब उम्मीद है कि निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा, वहीं कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी मिलने के बाद राहुल पांडे के सामने भी अपनी कार्यशैली को लेकर उठ रहे सवालों के बीच खुद को साबित करने की चुनौती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed