सुगम यातायात के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना पुलिस, नगर निगम और विशेषज्ञों ने शहर के व्यस्त मार्गों का किया संयुक्त निरीक्षण, पार्किंग और अतिक्रमण बनी बड़ी चुनौती

0

सुगम यातायात के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना
पुलिस, नगर निगम और विशेषज्ञों ने शहर के व्यस्त मार्गों का किया संयुक्त निरीक्षण, पार्किंग और अतिक्रमण बनी बड़ी चुनौती
कटनी।। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में यातायात पुलिस, नगर निगम एवं तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम लगातार शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने यातायात पुलिस टीम, नगर निगम अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं अत्यधिक व्यस्त मार्गों का संयुक्त भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान दुर्गा चौक, तिलक कॉलेज मोड़, पन्ना तिराहा एवं सागर पुलिया सहित कई प्रमुख क्षेत्रों की यातायात स्थिति का तकनीकी अध्ययन किया गया। साथ ही बरसात के दौरान जलभराव की समस्या और उसके समाधान को लेकर भी स्थल निरीक्षण किया गया।
संयुक्त टीम ने बाजार और आवासीय क्षेत्रों में यातायात दबाव, पैदल यात्रियों की आवाजाही, मार्गों की उपयोगिता, अवरोधों की स्थिति तथा संचालन संबंधी व्यवहारिक चुनौतियों का सूक्ष्म विश्लेषण किया।
पार्किंग और अतिक्रमण सबसे बड़ी समस्या
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि मुख्य बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था का अभाव है। सड़क किनारे अनियंत्रित वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। इसके अलावा व्यावसायिक क्षेत्रों में स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण तथा फुटपाथों पर संचालित दुकानों के कारण भी यातायात प्रभावित हो रहा है। मुख्य मार्गों पर संचालित हाथ ठेले और अस्थायी सब्जी दुकानों को भी यातायात अव्यवस्था का प्रमुख कारण माना गया, विशेषकर पीक आवर्स में इनसे मार्गों पर दबाव बढ़ जाता है।
चौराहों का होगा आधुनिकीकरण
यातायात सुधार योजना के तहत शहर के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर बनी पुरानी रोटरियों का आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीके से पुनर्निर्माण किया जाएगा। चौराहों के ज्यामितीय डिज़ाइन में सुधार कर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित और निर्बाध बनाने की तैयारी है, जिससे दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
शुरू होगी सशुल्क पार्किंग व्यवस्था
नगर निगम के सहयोग से बाजार क्षेत्रों में शीघ्र ही सशुल्क पार्किंग व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई जा रही है। चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग जोन विकसित किए जाएंगे, ताकि अवैध पार्किंग पर नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे
सड़क किनारे संचालित हाथ ठेले और सब्जी विक्रेताओं के लिए अलग से सर्वसुविधायुक्त वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि सभी विक्रेताओं को नियमानुसार और सम्मानपूर्वक चिन्हित स्थलों पर स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे मुख्य मार्ग जाम मुक्त रह सकें।
नागरिकों से सहयोग की अपील
कटनी पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा सड़क पर अनावश्यक अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से बचने की अपील की है। पुलिस का मानना है कि जनसहयोग से ही शहर को सुरक्षित और आधुनिक यातायात व्यवस्था प्रदान की जा सकती है। निरीक्षण दल में राहुल तिवारी, अनुज जायसवाल, योगेश पवार सहित यातायात विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed