चाका बायपास पर मौत बनकर दौड़ी रफ्तार शादी समारोह से लौट रहे युवकों की कार खड़े ट्रक में घुसी, दो की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर ओवरब्रिज के पास हुआ भीषण हादसा, कार के उड़े परखच्चे; चीख-पुकार से दहल उठा इलाका
चाका बायपास पर मौत बनकर दौड़ी रफ्तार
शादी समारोह से लौट रहे युवकों की कार खड़े ट्रक में घुसी, दो की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर
ओवरब्रिज के पास हुआ भीषण हादसा, कार के उड़े परखच्चे; चीख-पुकार से दहल उठा इलाका
कटनी।। शहर के चाका बायपास ओवरब्रिज के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। शादी समारोह से लौट रहे पांच युवकों की तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए पूरा क्षेत्र स्तब्ध रह गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार क्रमांक UP 70 EH 2790 में सवार युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर लौट रहे थे। देर रात जब उनकी कार कटनी के चाका बायपास ओवरब्रिज के पास पहुंची, तभी अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। राहत-बचाव कार्य के दौरान एक युवक कार के मलबे में बुरी तरह फंसा मिला, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
इस हादसे में सूर्यश सेंगर और प्रयागराज निवासी 40 वर्षीय विवेक राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गोरखपुर निवासी प्रीतम शुक्ला, कुंडा प्रतापगढ़ निवासी 33 वर्षीय अमित सिंह सहित एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।