वर्षा पूर्व तैयारियों में जुटा नगर निगम निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कराया नाले-नालियों का विशेष सफाई अभियान, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
वर्षा पूर्व तैयारियों में जुटा नगर निगम
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कराया नाले-नालियों का विशेष सफाई अभियान, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
कटनी। आगामी वर्षाकाल को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर में विशेष स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने रामनिवास सिंह वार्ड अंतर्गत कावसजी स्कूल के समीप एवं आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर बड़े नाले और नालियों की जेसीबी मशीन के माध्यम से व्यापक सफाई कराई। इस दौरान उन्होंने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने क्षेत्रीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और विशेष रूप से पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में नागरिकों को समय पर पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगम अध्यक्ष ने बताया कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति से बचाव के लिए वर्षा पूर्व बड़े एवं छोटे नाले-नालियों की नियमित सफाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण मच्छरों एवं गंदगी से नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान मनीष पाठक ने कावसजी स्कूल के पीछे बने नाले तथा मंदिर के समीप स्थित कुएं का भी निरीक्षण किया। नाले के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने क्षेत्रीय उपयंत्री से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जल निकासी व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय दरोगा संगीत शर्मा को निर्देशित किया गया कि वार्ड में समय-समय पर फॉगिंग मशीन एवं कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव कराया जाए, साथ ही नियमित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सभी नागरिक सहयोग करें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, ताकि शहर स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बना रहे।
इस दौरान मुरारी कुरील, अज्जू निगम, विकास ठाकुर, जग्गी कुरील, अरुण गुप्ता, कमल, क्षेत्रीय दरोगा संगीत शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।