विजन मध्यप्रदेश 2047 को लेकर बड़वारा में मंथन विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में हुई संयुक्त बैठक, विकास के दीर्घकालिक रोडमैप पर चर्चा

0

विजन मध्यप्रदेश 2047 को लेकर बड़वारा में मंथन
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में हुई संयुक्त बैठक, विकास के दीर्घकालिक रोडमैप पर चर्चा
कटनी। विजन मध्यप्रदेश 2047 के तहत क्षेत्रीय विकास की दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र बड़वारा अंतर्गत विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक जनपद पंचायत बड़वारा के सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने की, जबकि संसदीय क्षेत्र शहडोल के सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्रीय विकास को लेकर व्यापक मंथन किया गया। विधायक श्री सिंह ने सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए ग्राम एवं ग्राम पंचायतवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास का मजबूत एवं व्यावहारिक रोडमैप तैयार किया जाए, जिससे वर्ष 2047 तक क्षेत्र को नई दिशा मिल सके।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ढीमरखेड़ा निधि गोहल ने विजन मध्यप्रदेश 2047 की अवधारणा और शासन की मंशा पर प्रकाश डालते हुए सभी विभागों को योजनाबद्ध तरीके से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया में जनभागीदारी और स्थानीय आवश्यकताओं का समावेश अत्यंत आवश्यक है।
बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, रोजगार, पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव रखे। क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए आगामी बैठक में कार्ययोजना को अंतिम स्वरूप देने की रूपरेखा भी तय की गई।
बैठक में जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बड़वारा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बड़वारा, तहसीलदार बड़वारा, मंडल अध्यक्ष बड़वारा, विलायतकला, ढीमरखेड़ा, उमरियापान, सिलौड़ी, देवरीहटाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed