कटनी नदी का होगा सीमांकन, कलेक्टर के निर्देश पर दो विशेष राजस्व दल गठित एक सप्ताह में सौंपनी होगी रिपोर्ट, अतिक्रमण पाए जाने पर चलेगा प्रशासनिक कार्रवाई अभियान

0

कटनी नदी का होगा सीमांकन, कलेक्टर के निर्देश पर दो विशेष राजस्व दल गठित
एक सप्ताह में सौंपनी होगी रिपोर्ट, अतिक्रमण पाए जाने पर चलेगा प्रशासनिक कार्रवाई अभियान
कटनी।। जिले में कटनी नदी की वास्तविक सीमा निर्धारित करने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर कटनी नदी के सीमांकन के लिए दो विशेष राजस्व दल गठित किए गए हैं। दोनों दल नगर निगम के सहयोग से मौके पर पहुंचकर नदी क्षेत्र का सीमांकन करेंगे और सीमा चिन्ह स्थापित कराएंगे।
जारी आदेश के अनुसार सीमांकन कार्य को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए अलग-अलग टीमों की जिम्मेदारी तय की गई है।
दल क्रमांक-1 की प्रभारी राजस्व निरीक्षक श्रीमती विभा गर्ग को बनाया गया है। उनके साथ पटवारी अमित कनकने, धर्मेन्द्र ताम्रकार, दादूराम पटेल, सुभाष गर्ग एवं राजेश दुबे शामिल रहेंगे।
वहीं दल क्रमांक-2 की जिम्मेदारी राजस्व निरीक्षक ब्रजबिहारी दुबे को सौंपी गई है। इस दल में पटवारी तुलाराम वर्मा, विनीत सिंह बघेल, संदीप गर्ग, नितेश पाण्डेय एवं विवेक बहरे को शामिल किया गया है।
एक सप्ताह में देना होगा प्रतिवेदन
प्रशासन द्वारा गठित दोनों दलों को निर्देश दिए गए हैं कि सीमांकन कार्य पूर्ण कर निर्धारित प्रारूप में सीमांकन प्रतिवेदन, पंचनामा, फील्डबुक एवं नक्शा ट्रेस तहसीलदार कटनी नगर के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमांकन रिपोर्ट के बाद यदि नदी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण पाया जाता है, तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। कटनी नदी के सीमांकन को प्रशासन की जल संरक्षण एवं भू-अभिलेख व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed