डाकघरों में आधार सेवाओं के लिए 25 व 26 मई को विशेष अभियान नवीन पंजीयन, बायोमेट्रिक अपडेट और मोबाइल-ईमेल लिंकिंग सहित मिलेंगी कई सुविधाएं
डाकघरों में आधार सेवाओं के लिए 25 व 26 मई को विशेष अभियान
नवीन पंजीयन, बायोमेट्रिक अपडेट और मोबाइल-ईमेल लिंकिंग सहित मिलेंगी कई सुविधाएं
कटनी।। जबलपुर संभाग के अंतर्गत कटनी जिले के विभिन्न डाकघरों में आधार सेवाओं को लेकर 25 एवं 26 मई को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत नागरिकों को नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी लिंक/अपडेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डाक विभाग द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया है कि आधार सेवाओं का लाभ सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के लिए 22 एवं 23 मई को टोकन वितरण किया जाएगा। निर्धारित तिथियों 25 एवं 26 मई को सभी आधार सेवा केंद्र प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक संचालित होंगे, जबकि प्रधान डाकघरों में संचालित आधार केंद्रों का समय प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक रहेगा।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत जबलपुर संभाग में 2 प्रधान डाकघर एवं 36 उपडाकघरों में आधार पंजीयन एवं अपडेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कटनी जिले में संचालित प्रमुख आधार केंद्रों में बाकल, बरही, कटनी सीमेंट फैक्ट्री, कटनी प्रधान डाकघर, कटनी HO-2, माधवनगर, कैमोर, निवार, रीठी, सरोली, मझगवां, सिहोरा एमडीजी, स्लीमनाबाद, उमरियापान एवं विजयराघवगढ़ डाकघर शामिल हैं।
डाक विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी डाकघर स्थित आधार केंद्र पहुंचकर इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0761-2678121 पर संपर्क किया जा सकता है।