विज़न ने रचा इतिहास, पर्यावरण जागरूकता का बना महायज्ञ 6 संभागों के युवाओं के बीच हुई भव्य जैव विविधता क्विज प्रतियोगिता, सागर टीम बनी विजेता

0

विज़न ने रचा इतिहास, पर्यावरण जागरूकता का बना महायज्ञ
6 संभागों के युवाओं के बीच हुई भव्य जैव विविधता क्विज प्रतियोगिता, सागर टीम बनी विजेता
कटनी।। विश्व पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन के क्षेत्र में सक्रिय युवा संस्था विज़न एवं सामान्य वन मंडल कटनी द्वारा आयोजित भव्य समारोह ने पर्यावरण जागरूकता की दिशा में एक नया इतिहास रच दिया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के छह प्रमुख संभागों भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, सागर, शहडोल एवं रीवा के प्रतिभागियों के बीच अंतर-जिला जैव विविधता एवं पर्यावरण जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समारोह का शुभारंभ आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा, एडीपीसी श्रीमती धनश्री जैन, एमपी दिव्यांग क्रिकेट टीम की कप्तान श्रीमती राधा बड़गुजर एवं पर्यावरणविद निर्भय सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कटनी में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना का संचार किया।
कार्यक्रम में पर्यावरण, जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण एवं सतत विकास से जुड़े विषयों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, पर्यावरण प्रदर्शनी, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं जागरूकता गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं। गीतांजलि संगीत महाविद्यालय द्वारा जल संरक्षण पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी गई, वहीं श्रीकृष्ण कला संगीत महाविद्यालय ने “धरती मैया रोवे लाला” गीत के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पूरे आयोजन को जीरो वेस्ट अवधारणा पर आधारित रखा गया, जिसमें किसी भी प्रकार की सिंगल यूज़ सामग्री का प्रयोग नहीं किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं पर्यावरण प्रेमियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम सागर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि टीम भोपाल द्वितीय स्थान पर रही। विजेता प्रतिभागियों को कैश प्राइज, स्मृति चिन्ह, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, भाजपा अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, क्षेत्रीय अधिकारी पीसीबी सुधांशु तिवारी एवं बालमुकुंद मिश्र द्वारा विज़न क्लबों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही भविष्य सुरक्षित बनाया जा सकता है।
विज़न अध्यक्ष आशुतोष माणके ने बताया कि संस्था पिछले चार वर्षों से वृक्षारोपण, जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में सतत कार्य कर रही है तथा आगामी वर्षों में इन अभियानों को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी युवाओं एवं अभिभावकों ने पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन हेतु सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed