राहगीरी डे में उमड़ा जनसैलाब, स्वच्छता के संकल्प से गूंजा
राहगीरी डे में उमड़ा जनसैलाब, स्वच्छता के संकल्प से गूंजा
कटनी। शहर में आयोजित राहगीरी डे 2026 का सातवां संस्करण रविवार को उत्साह, जागरूकता और जनभागीदारी का अनूठा उदाहरण बन गया। गर्ग चौराहा से कारगिल चौक तक सड़कें वाहनों के बजाय नागरिकों की ऊर्जा, स्वच्छता के संदेश और सांस्कृतिक गतिविधियों से जीवंत नजर आईं। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में कटनी को अव्वल बनाने का संकल्प लिया।
राहगीरी डे के दौरान योग, जुंबा, स्केटिंग, साइकिलिंग, रंगोली, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में लगाए गए फोर बिन प्रेजेंटेशन के जरिए नागरिकों को कचरा पृथक्करण की जानकारी दी गई, वहीं सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सहभागिता से ही शहर सुंदर और स्वच्छ बन सकता है। उन्होंने कहा कि राहगीरी डे ने यह साबित कर दिया कि जब जनता जागरूक होती है, तब बदलाव निश्चित होता है।
कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी,नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, चिकित्सक, उद्योगपति, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर नागरिकों ने सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें लीं तथा क्यूआर कोड स्कैन कर स्वच्छता फीडबैक भी दिया। इको ब्रिक्स, रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं अनुपयोगी सामग्री से बनी कलाकृतियों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को तुलसी के पौधे भेंट कर स्वच्छता और हरियाली का संदेश दिया गया। इस दौरान नगर निगम उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री असित खरे, अंशुमान सिंह, नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन आदेश जैन, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर, सहित काफी संख्या में बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों की उपस्थिति रही।