बहोरीबंद में आधी रात भीषण अग्निकांड, शॉर्ट सर्किट के बाद फटा गैस सिलेंडर, मकान समेत पूरी गृहस्थी तबाह ग्राम पंचायत बासन की घटना, विधायक प्रणय प्रभात पांडे ने तत्काल ₹25 हजार सहायता देने की घोषणा

0

बहोरीबंद में आधी रात भीषण अग्निकांड, शॉर्ट सर्किट के बाद फटा गैस सिलेंडर, मकान समेत पूरी गृहस्थी तबाह
ग्राम पंचायत बासन की घटना, विधायक प्रणय प्रभात पांडे ने तत्काल ₹25 हजार सहायता देने की घोषणा
कटनी।। जिले की बहोरीबंद तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बासन में रविवार देर रात एक भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव को दहला दिया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा घरेलू गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। हादसे में मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि घर में रखा संपूर्ण गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बासन निवासी रज्जू यादव के घर में रात करीब 2 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें तेज होती गईं और इसी दौरान घर में रखा एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। सिलेंडर फटने से मकान का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और घर के भीतर रखा सामान मलबे में तब्दील हो गया।
गनीमत यह रही कि भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घटना के समय घर के बाहर खुले आसमान के नीचे सो रहे थे। अचानक हुए धमाके और आग की लपटों के बीच परिवार सुरक्षित बाहर निकल आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, जरूरी दस्तावेज, फर्नीचर और दैनिक उपयोग का पूरा सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ित परिवार को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को इस संकट की घड़ी में सहारा मिल सके।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक प्रणय प्रभात पांडे ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल 25 हजार की नगद सहायता अपने निजी मद से देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन स्तर से जो भी संभव सहायता होगी, उसे पीड़ित परिवार तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों से भी संपर्क कर पीड़ित परिवार को राहत दिलाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed