गुप्ता भोजनालय में शराबखोरी की शिकायत पर पुलिस का छापा, मौके पर मिले शराब पीते लोग
गुप्ता भोजनालय में शराबखोरी की शिकायत पर पुलिस का छापा, मौके पर मिले शराब पीते लोग
कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड चौकी के समीप स्थित एक गुप्ता भोजनालय में देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराबखोरी की शिकायत को सही पाया। कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया एवं यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त भोजनालय में बैठाकर लोगों को शराब पिलाई जा रही है, जिससे क्षेत्र में आए दिन विवाद एवं असामाजिक गतिविधियों की स्थिति निर्मित हो रही है। शिकायत के आधार पर सीएसपी एवं पुलिस टीम देर रात दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच की।
जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। पुलिस ने भोजनालय परिसर में कुछ लोगों को शराब पीते हुए पाया, वहीं आसपास शराब की खाली बोतलें भी बरामद हुईं। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की तथा संबंधित संचालक को सख्त हिदायत दी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि भोजनालय में लंबे समय से इस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जिसके कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा था। लोगों ने यह भी बताया कि कुछ दिनों पूर्व इसी क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना भी हुई थी, जिससे नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों एवं भोजनालयों में अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।