निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, बुढ़ार में संगठन विस्तार और बूथ प्रबंधन पर मंथन

0

शहडोल। आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बुढ़ार द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक का आयोजन मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश एवं जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के अध्यक्ष अजय अवस्थी के आवाहन पर किया गया। कार्यक्रम में जैतपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी मनोज सराफ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बुढ़ार के अध्यक्ष अंकित सिंह ने की।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज और जनहित के मुद्दों की पक्षधर रही है। आगामी निकाय चुनाव केवल राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि विकास, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का अवसर भी है। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाएं और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएं।

बैठक के दौरान चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, महिला एवं युवा शक्ति की भागीदारी बढ़ाने तथा पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही आगामी चुनावों में सफलता की कुंजी होगी।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल, जिला उपाध्यक्ष मुबारक मास्टर, राम सिंह, आनंद मोहन जायसवाल, मोहम्मद आजाद, इबरार खान, संतोष सिंह सेंगर, राजीव शर्मा, शोभा राम पटेल, अशोक सिंह, इंद्र कुमार मिश्रा, सुनील सोनी, लाली सोनी, श्रीराम मिश्रा, नीलम सिंह, चम्पा केवट, अनुज सिंह, विमल सिंह कोरचे, जवाहर राव, हर्ष पाठक, ओंकार सिंह, अनिल जायसवाल और मनोज जैन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के समापन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी निकाय चुनाव में कांग्रेस को सफलता दिलाने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं, महिला शक्ति एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त करते हुए जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *