खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: रेत से भरा हाईवा जब्त, केस दर्ज

0
शहडोल। जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक और बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग की टीम ने देर रात औचक जांच अभियान के दौरान रेत से लदे एक हाईवा को पकड़कर जब्त कर लिया। वाहन चालक वैध दस्तावेज और रॉयल्टी पर्ची प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद विभाग ने नियमानुसार मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतों के बाद सक्रिय हुआ विभाग
खनिज विभाग को ब्यौहारी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश और खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मंगलवार की दरम्यानी रात लगभग दो बजे प्रभारी खनिज निरीक्षक  के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।
पेट्रोल पंप के पास पकड़ा गया हाईवा
निरीक्षण के दौरान टीम ने ब्यौहारी स्थित आनंद फीलिंग स्टेशन के समीप एक 12 चक्का हाईवा क्रमांक MP18H5383 को रोककर जांच की। वाहन में बड़ी मात्रा में रेत लोड थी। जांच के दौरान चालक से परिवहन संबंधी दस्तावेज, रॉयल्टी पर्ची एवं अन्य वैधानिक अभिलेख मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।
वाहन जब्त, थाने में कराया गया खड़ा
दस्तावेजों के अभाव में खनिज विभाग ने रेत सहित हाईवा को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से ब्यौहारी थाना परिसर में शासकीय अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। पूछताछ के दौरान चालक ने वाहन मालिक का नाम शिब्बू सिंह निवासी ब्यौहारी बताया।
नियम 2022 के तहत दर्ज हुआ प्रकरण
सहायक खनिज अधिकारी के अनुसार वाहन चालक एवं मालिक के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
अवैध खनिज कारोबारियों पर जारी रहेगा शिकंजा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीमें दिन-रात विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चला रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि खनिज माफियाओं के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed