41 नव आरक्षकों को मिले नियुक्ति आदेश, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सौंपे नियुक्ति पत्र

0

41 नव आरक्षकों को मिले नियुक्ति आदेश, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सौंपे नियुक्ति पत्र
कटनी।। पुलिस विभाग में चयनित 41 नव आरक्षकों को बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति आदेश प्रदान किए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने नव नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल पुलिस जीवन की शुभकामनाएं दीं। नियुक्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद सभी नव आरक्षकों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक ने नव नियुक्त आरक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि आरक्षक पद पुलिस संगठन की रीढ़ है। समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने, आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने तथा अपराध नियंत्रण में आरक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी आरक्षकों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ सेवा करने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि आरक्षक भर्ती प्रक्रिया का आयोजन मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया। भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षण, चिकित्सीय परीक्षण एवं चरित्र सत्यापन कराया गया। शारीरिक दक्षता परीक्षण के अंतर्गत अभ्यर्थियों की 800 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं गोला फेंक प्रतियोगिता के माध्यम से क्षमता का मूल्यांकन किया गया। वहीं मेडिकल बोर्ड द्वारा वीडियोग्राफी की उपस्थिति में चिकित्सीय परीक्षण संपन्न कराया गया। सभी निर्धारित प्रक्रियाओं में पात्र पाए गए अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र जारी किए गए। कटनी पुलिस परिवार में शामिल हुए सभी नव नियुक्त आरक्षकों का स्वागत करते हुए पुलिस अधीक्षक ने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करेंगे तथा पुलिस विभाग की गरिमा को और अधिक बढ़ाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed