बाल गंगाधर तिलक वार्ड में 70 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, महापौर ने नए बोरवेल की घोषणा की
बाल गंगाधर तिलक वार्ड में 70 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, महापौर ने नए बोरवेल की घोषणा की
कटनी।। नगर निगम द्वारा बाल गंगाधर तिलक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगभग 70 लाख रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव के प्रयासों से वार्ड को सड़क, नाली एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों की सौगात मिली। इस दौरान इंदिरा नगर में सड़क निर्माण, साईं मंदिर के पास नाला निर्माण, सत्संग नगर में नाली निर्माण सहित कई विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। महापौर ने क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिए नए बोरवेल निर्माण की घोषणा भी की।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। वहीं पार्षद श्रीमती वंदना यादव ने कहा कि वार्ड के विकास के लिए आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, जयनारायण निषाद, सुभाष साहू, शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजकिशोर यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्रीय नागरिकों एवं महिलाओं द्वारा पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर अतिथियों के स्वागत से हुई।
विशेष बात यह रही कि विकास कार्यों का भूमिपूजन वार्ड की वरिष्ठ महिलाओं एवं बच्चों के कर-कमलों से कराया गया। महापौर ने इसे जनभागीदारी की अनूठी पहल बताते हुए कहा कि विकास कार्यों में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। भूमिपूजन के तहत इंदिरा नगर गली क्रमांक-8 में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से डब्ल्यूबीएम सड़क निर्माण, साईं मंदिर के पास 23 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण, सत्संग नगर की गली क्रमांक-3 एवं 5 में 10 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण तथा साईं मंदिर के पीछे 4.50 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा पन्ना मोड़ क्षेत्र में क्षतिग्रस्त 10 पुलियों के पुनर्निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी गई। महापौर श्रीमती प्रीति सूरी ने कहा कि वह जनता की सेविका के रूप में कार्य कर रही हैं और नागरिकों का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर बनाना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर का कोई भी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहेगा। इस दौरान क्षेत्र में पेयजल समस्या को देखते हुए महापौर ने नए बोरवेल निर्माण की घोषणा भी की।